कोहरे में बढ़ी सतर्कता, मोहल्लों में पहरा—प्रेमी जोड़ों की बढ़ी परेशानी*
उत्तराखंड वाणी न्यूज सुमित वर्मा
शेरकोट शीतलहर और लगातार बढ़ते कोहरे को देखते हुए शेरकोट नगर में अपराध व चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पुलिस द्वारा आम नागरिकों से सहयोग की अपील के बाद नगर के विभिन्न मोहल्लों में स्थानीय लोगों की टोली बनाकर रात्रि पहरा शुरू किया गया है।
पुलिस के अनुसार कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से असामाजिक तत्व सक्रिय हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सामूहिक पहरेदारी की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके। इस पहल से मोहल्लों में सुरक्षा का माहौल बना है और लोग स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
हालांकि, बढ़ी निगरानी का असर सामाजिक गतिविधियों पर भी पड़ता नजर आ रहा है। मोहल्लों में लगातार पहरे के चलते कुछ प्रेमी जोड़ों को आपस में मिलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिसे लेकर नगर में चर्चाओं का दौर जारी है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह कदम पूरी तरह जनहित में उठाया गया है और इसका उद्देश्य केवल अपराधों पर अंकुश लगाना है। स्थिति सामान्य होने पर पहरेदारी व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।

