गुलदार का हमला: बच्चे पर जानलेवा हमला, ग्रामीणों ने बचाई जान
उत्तराखंड वाणी सुमित वर्मा
गुलदार का हमला: बच्चे पर जानलेवा हमला, ग्रामीणों ने बचाई जान
शेरकोट,संवाददाता
भगौता गांव में एक भयावह घटना घटी, जहां एक गुलदार ने एक बच्चे पर हमला कर उसे घायल कर दिया। शुक्रवार की रात करीब 11 बजे की यह घटना उस वक्त हुई जब रीना अपनी 4 वर्षीय पुत्री गायत्री रानी और 17 वर्षीय पुत्र भूरे सिंह के साथ रामलीला का मंचन देखने जा रही थी।
बताया जाता है कि रात्रि जब वे अपने घर से निकले, तभी गन्ने के खेत में घात लगाए बैठे गुलदार ने बच्चे पर हमला कर दिया। गुलदार के हमले से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। यह देखकर रीना और भूरे सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए गुलदार से भिड़ गए और बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ाया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने लाठी-डंडों की मदद से गुलदार को जंगल की ओर खदेड़ दिया।
ग्रामीण सोनू, तिलक राम, बाबू सिंह, शिवम कुमार, दीपक कुमार, राजेश सिंह, शंकर सिंह और वीर सिंह ने बताया कि गांव के आसपास गुलदार का दिखना आम बात हो गई है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।
वन दरोगा सुनील राजौरा ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए शीघ्र ही पिंजरा लगाया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि वन विभाग की टीम इस मामले में तत्काल कार्रवाई करेगी और गुलदार को पकड़ने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ा जाए, ताकि उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार के आतंक से वे परेशान हैं और उन्हें अपने बच्चों की सुरक्षा की चिंता है।
भगौता गांव में गुलदार के हमले की यह घटना ग्रामीणों के लिए एक बड़ा खतरा है।

